भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में ग्राम प्रधान संघ की जिला स्तरीय बैठक संघ के जिला अध्यक्ष अजीत दुबे की अध्यक्षता और जिला महामंत्री शिवलाल मुर्मू के संचालन में हुई। बैठक में मुख्य रूप से यह मुद्दा उठा कि दुर्गा पूजा निकट होने के बावजूद ग्राम प्रधानों व उनके सहयोगी प्रतिनिधियों को पिछले पांच महीने से मासिक सम्मान राशि का भुगतान नहीं हुआ है। संघ के पदाधिकारियों ने उपायुक्त और अपर समाहर्ता से दुर्गा पूजा से पूर्व लंबित राशि भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। शिवलाल मुर्मू ने कहा कि संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम 1949 के तहत ग्राम प्रधान गांव स्तर पर परंपरागत स्वशासन व्यवस्था का संचालन कर रहे हैं। 75 प्रतिशत ग्राम प्रधान आदिवासी समुदाय से आते हैं और कई स्थानों पर मांझी की जिम्मेदारी भी वही निभा रहे हैं। संघ ने निर्णय लिया कि स्वशासन व्यवस्था को सशक्त बनाने और ग्राम प्रधानों की समस्याओं के समाधान के लिए 14 अक्टूबर को जिला स्तरीय आक्रोश रैली निकाली जाएगी, जो अनुमंडल कार्यालय से शुरू होकर बाजार भ्रमण करते हुए समाहरणालय मैदान में सभा के साथ समाप्त होगी।


