भास्कर न्यूज|अमृतसर डीसी साक्षी साहनी ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग से संबंधित विभिन्न विभागों के अफसरों संग मीटिंग की। उन्होंने कहा कि 28 और 29 मार्च को सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की बैठकें आयोजित करना सुनिश्चित करें। उनके पास कर्मचारियों की कमी है, तो नहरी और सफाई विभाग के जूनियर इंजीनियर को लगाकर बैठक का कार्य पूरा कराएं। आगामी बारिश को ध्यान में रखते हुए उन्हें 15 अप्रैल से गांवों के तालाबों की साफ-सफाई सुनिश्चित करनी है। प्रत्येक तालाब से पानी निकालकर उसे थापर मॉडल तालाब के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। सभी गांवों में खेल के मैदान तैयार कराएं। जिन गांवों में पंचायत स्थान कम हैं वहां ओपन जिम या क्रिकेट नेट लगाए जाएं। वन विभाग को आगामी बरसात के मौसम के दौरान सड़कों, स्कूलों, नहर की पटरियों और अन्य स्थानों पर वृक्षारोपण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। कई किसानों को अपने पशुओं के लिए मनरेगा में शेड बनाने हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जाए। मनरेगा के सहयोग से स्कूलों में चार दरवाजे और अन्य निर्माण कार्य कराएं।


