ग्रीन स्कूल प्रोग्राम के तहत जिले के 14 विद्यालय होंगे सम्मानित

भास्कर न्यूज | जालंधर ग्रीन स्कूल प्रोग्राम के अंतर्गत जिले के 14 विद्यालयों को 30 जनवरी को नई दिल्ली में स्थित इंडियन हैबिटैट सेंटर में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से दिया जाएगा। प्रिंसिपल सुखदेव लाल बब्बर ने बताया कि मंत्रालय द्वारा पंजाब के सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों का ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (जीएसपी) के तहत ऑडिट करवाया गया था। इस ऑडिट के आधार पर जिले के 14 विद्यालयों का ग्रीन स्कूल अवार्ड के लिए चयन किया गया, जिनमें से 13 विद्यालय सरकारी हैं। उन्होंने बताया कि जीएसपी ऑडिट के दौरान केंद्रीय टीम ने विद्यालयों में वायु, जल, भूमि और भोजन की गुणवत्ता, कचरा प्रबंधन तथा ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों की गहन जांच की। इस अवसर पर हरजीत कुमार बावा और हरदर्शन सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रेटिंग हासिल करते हुए जालंधर जिले के 14 विद्यालयों को यह गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. गुरिंदरजीत कौर और उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी ने जिले की जी.एस.पी. टीम, चयनित विद्यालयों के प्रिंसीपलों और स्टाफ को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने लगातार तीसरी बार ग्रीन स्कूल के रूप में चयनित होने पर सरकारी हाई स्कूल जलभे की प्रिं. विजय लक्ष्मी और साइंस टीचर प्रभजोत कौर की सराहना की। चयनित विद्यालय जिन्हें 30 जनवरी को नई दिल्ली में मिलेगा अवॉर्ड : पीएम श्री सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंडियाला, सरकारी हाई स्कूल जलभे, सरकारी मिडिल स्कूल गढ़ा, सरकारी प्राइमरी स्कूल गोराया, सरकारी मिडिल स्कूल बल, पीएम श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोगपुर, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नूरपुर, स्कूल ऑफ एमिनेंस लाडोवाली रोड, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुड़ोवाल, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल काला बक्करा, सरकारी प्राइमरी स्कूल खानपुर राजपूतां, सरकारी प्राइमरी स्कूल उमरपुर कलां, सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल मलसियां तथा डीसी कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *