कटनी जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर एक बुज़ुर्ग व्यक्ति का पैर लोहे की ग्रिल में फंस गया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और गैस कटर की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह घटना आज दोपहर हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कटनी कोतवाली क्षेत्र निवासी राम खिलावन अपनी दवा लेने जिला अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल से बाहर निकलते समय मुख्य गेट के पास बनी नीचे की ग्रिल को पार करते हुए उनका पैर फिसलकर ग्रिल के अंदर बुरी तरह फंस गया। राम खिलावन ने कई बार अपना पैर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। मौके पर मौजूद दुकानदार और राहगीरों ने भी मदद का प्रयास किया, लेकिन ग्रिल की मजबूत पकड़ के कारण पैर बाहर नहीं निकल सका। इसके बाद, पास ही मौजूद एक गैस कटिंग करने वाले युवक को बुलाया गया। युवक ने सावधानीपूर्वक ग्रिल को काटा और फंसे हुए पैर को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद राम खिलावन को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।


