ग्रेड थर्ड टीचर पर एसिड फेंककर भागा पति:पहले से दवाई की बोतल में रखा था एसिड, कपड़े सुखाने वाली रस्सी से हाथ-पैर बांधे थे

ग्रेड थर्ड टीचर के हाथ-पैर बांधकर उसके पति ने चेहरे पर एसिड फेंका। एसिड फेंकने के बाद कमरे को बाहर से लॉक कर भाग गया। महिला टीचर ने खुद फोन कर एम्बुलेंस, पुलिस और अपने भाई को घटना की जानकारी दी। टीचर के भाई की सूचना पर पड़ोसी भी पहुंचे और एम्बुलेंस से हॉस्पिटल लेकर गए। टीचर करीब 60 से 70 फीसदी तक झुलस गई है। घटना आज सुबह करीब 6 बजे कोटा के महावीर नगर थाना इलाके की है। शिक्षक सम्मेलन में भाग लेने आई थी कोटा महावीर नगर थाना सीआई महेंद्र मारू ने बताया- घायल महिला ममता गौड़ (45) ग्रेड थर्ड टीचर है। महावीर नगर विस्तार योजना के संतोषी नगर इलाके में इनका घर है। कुछ समय पहले ही उनकी सवाई माधोपुर जिले के बालेर गांव में पोस्टिंग हुई है। तीन दिन पहले ही शिक्षक सम्मेलन में भाग लेने कोटा आई हुई थी। उनका बयान लिया गया है। पति की तलाश की जा रही है। एसिड फेंककर भागा पति घायल टीचर ने बताया- पति सुनीत दीक्षित कोई काम नहीं करता और घर पर ही रहता है। घर में लड़ाई-झगड़ा करता रहता है। इस कारण अपनी दोनों बेटियों को हॉस्टल में रखा है। आज सुबह 6 बजे पति ने कपड़े सुखाने वाली रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए। उसने पहले से दवाई की बोतल में एसिड रखा हुआ था, जिसे मुझ पर फेंक दिया। इसके बाद कमरा लॉक कर भाग गया। जैसे-तैसे रस्सी खोलकर भाई और एम्बुलेंस को बुलाया। बीमार ससुर भी साथ रहते है। टीचर की बड़ी बेटी 12वीं और छोटी बेटी 8वीं में पढ़ाई करती है। 60 से 70 फीसदी झुलसी टीचर का पीहर कोटा में केशव नगर में है। भाई योगेंद्र रांची में रहते है। टीचर ने उन्हें फोन कर घटना के बारे में बताया था। इसके बाद योगेंद्र ने कोटा में अपने पड़ोसी पूजन गौतम को फोन कर बहन के घर भेजा था। पड़ोसी पूजन गौतम ने बताया- जब वह ममता के घर गए, तब बाहर से लॉक था। लॉक को तोड़कर अंदर जाकर देखा तो कमरे में ममता हाथ में रस्सी बंधे और एसिड से झुलसी पड़ी थी। उसे एम्बुलेंस की मदद से एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गए। डॉक्टर ने चेहरे के नीचे वाले हिस्से में 60 से 70 फीसदी झुलसना बताया। इसके बाद निजी हॉस्पिटल रेफर किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *