ग्लोबल कन्वेंशन का औपचारिक उद्घाटन:देश में माहेश्वरी समाज की जनसंख्या कम, लेकिन प्रतिष्ठा कई गुना अधिक: बिरला

तीन दिवसीय अखिल भारतीय माहेश्वरी महाकुंभ व माहेश्वरी ग्लोबल कन्वेंशन का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया। इस मौके पर पूर्व नरेश गजसिंह, केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत, उद्योगपति राजश्री बिरला सहित कई राजनीतिक हस्तियां व बड़े उद्योगपति उपस्थित रहे। आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सीएम भजनलाल शर्मा भी आएंगे। बिरला ने अपने संबोधन में माहेश्वरी समाज के इतिहास, संस्कृति और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि यह समाज हमेशा आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन में अग्रणी रहा है। माहेश्वरी समाज की परंपराएं त्याग, सेवा और कल्याण पर आधारित हैं। भगवान शिव के समाज और सृष्टि के कल्याण के लिए विषपान करने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उसी परिपाटी पर माहेश्वरी समाज आगे बढ़ रहा है। संख्या में भले समाज छोटा हो, लेकिन प्रतिष्ठा और प्रभाव बहुत बड़ा है। देश के सभी समाजों के योगदान से ही भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा। इसमें माहेश्वरी समाज के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान होगा। पूर्व नरेश गजसिंह ने भी संबोधित करते हुए माहेश्वरी समाज के इस महाकुंभ को लेकर बधाई दी। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने हमेशा से मुझे अपना हिस्सा माना है। कार्यक्रम के दौरान त्रिसर्ग ट्रॉफी का उद्घाटन किया गया। त्रिसर्ग युवाओं के सपनों को साकार करने का प्लेटफॉर्म है जो समाज के विकास को नये आयाम देगा। महासभा के सभापति संदीप काबरा ने बताया कि इस महाकुंभ का उद्देश्य ‘वैदिक भारत से वैश्विक भारत विजन 2047 ‘ तक समाज की भूमिका तय करना है। समाज में घटती जनसंख्या को देखते हुए इस महाकुंभ में तीन या उससे अधिक संतान वाली माताओं का अभिनंदन कर जनसंख्या वृद्धि का संदेश दिया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा, समाज में बहुओं को पढ़ाने और बेटी परणाओं अभियान के तहत देशभर की चयनित महिलाओं को 50 हजार रुपए की एफडी देकर प्रोत्साहित करने की भी योजना है। समारोह में विधायक लघु उद्योग भारती के प्रकाश गु्प्ता, देवेंद्र जोशी, अतुल भंसाली, दिप्ती माहेश्वरी, बाबूसिंह राठौड़, राज्य सभा सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई, सहित समाज के कई बड़े उद्योगपति उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *