अमृतसर| ग्लोबल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज में साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र करवाया गया। इस सत्र को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमृतसर के सचिव अमरदीप सिंह बैंस ने संबोधित किया। बैंस ने आज की तकनीक-केंद्रित दुनिया में बढ़ रहे साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी के खतरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने फिशिंग, पहचान की चोरी सिम स्वैप, रैनसमवेयर और सोशल मीडिया ठगी जैसे आम साइबर अपराधों के बारे में बताया। उन्होंने सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के लिए महत्वपूर्ण ‘क्या करें और क्या न करें’ के सुझाव दिए। बैंस ने इस बात पर जोर दिया कि मजबूत पासवर्ड, दो-स्तरीय प्रमाणीकरण और वित्तीय लेनदेन में सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि साइबर सुरक्षा की सबसे कमजोर कड़ी मानव लापरवाही है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से ऑनलाइन सतर्क रहने और किसी भी साइबर घटना की तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर रिपोर्ट करने का आग्रह किया।


