अमृतसर| ईएमसी हॉस्पिटल में स्तन कैंसर पर जागरूकता सेमिनार करवाया गया। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अल्का ने कहा कि स्तन कैंसर सिर्फ युवाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में भी इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। डॉ. अल्का ने इस दौरान कई भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग महिलाएं अक्सर यह सोचकर इलाज नहीं करातीं कि अब इलाज का क्या फायदा, लेकिन यह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों जैसे सुरक्षित सर्जरी, रेडिएशन और हार्मोनल थेरेपी के कारण हर उम्र में कैंसर का इलाज संभव है। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि इलाज के साथ-साथ परिवार का भावनात्मक सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है।


