ग्वालियर आकर एसबीआई का एटीएम काटने वाली गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो बदमाशों को हरियाणा के नूह (मेवात), तीसरे को राजस्थान के धौलपुर से उठाया है। यही तीसरा आरोपी बदमाशों के लिए रैकी
करता था। 26 – 27 दिसंबर की दरमियानी रात बदमाशों ने ग्वालियर के बहोड़ापुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को काटकर 14 लाख कैश लूटा था। बदमाश 15 से 20 मिनट में एटीएम काटने में एक्सपर्ट हैं। सरगना शाहलीन खान उर्फ शालीन, उसके साथी ताहिर उर्फ शहाबुद्दीन और रैकी करने वाले यशवीर सिंह को पुलिस ग्वालियर ले आई है। बदमाश स्टेट बदलते ही अपनी ब्रेजा कार की रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट बदल देते थे, जिससे लोकल गाड़ी समझकर कोई रोके नहीं। बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस को स्पॉट से लेकर हरियाणा तक 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगालने पड़े। पुलिस ने शालीन से 2.75 लाख रुपए, कार, एटीएम कटर बरामद कर लिया है। नूह में चार दिन तक डेरा जमाए रही ग्वालियर पुलिस
ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया गैस कटर के जरिए गिरोह एटीएम की चेचिस काटकर रुपए निकाल ले गया था। पुलिस और क्राइम ब्रांच की पांच टीम तलाश में लगी थीं। बदमाशों की कार का पीछा करते हुए क्राइम ब्रांच और बहोड़ापुर थाना पुलिस की टीम नूह पहुंची। यहां चार दिन तक घेराबंदी की। कार के जरिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद इनके तीसरे साथी यशवीर को पुलिस ने धौलपुर से पकड़ा। इसके बारे में पता चला है कि 2023 में भी इसने वारदात को अंजाम दिया था और पुलिस ने उस समय भी इसको गिरफ्तार किया था। शालीन पूरी गैंग को ऑपरेट करता है
पुलिस ने जब पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की, तो पता लगा कि एटीएम काटने में इस गैंग के सरगना शालीन को महारथ हासिल है। यही पूरी गैंग ऑपरेट करता है। इसके कई साथी हैं। अगर कोई सदस्य पकड़ा भी जाता है, तो यह उसके बदले दूसरे सदस्य को तैयार कर लेता है। कब – कहां वारदात करना है, सब कुछ शालीन ही ग्रुप में तय करता था। बहोड़ापुर की घटना में 5 बदमाश शामिल थे। चार हरियाणा और एक राजस्थान का था। दो अभी फरार हैं।


