ग्वालियर में पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जनकगंज थाना पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान एक्टिवा पर गांजे की खेप लाते हुए इन्हें दबोचा। इनके पास से कुल 2 किलो 147 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई जा रही है। सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोल पहाड़िया पुलिस चौकी के पास दो व्यक्ति एक एक्टिवा पर गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए और जनकगंज थाना पुलिस ने चौकी पर चेकिंग लगाई। इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक MP07 ZA-7058 पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस को देखकर वे भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए तस्करों की पहचान 48 वर्षीय राजीव जायसवाल, पुत्र हेमंत शिवहरे (गोल पहाड़िया, ग्वालियर) और 22 वर्षीय सुनील कुशवाह, पुत्र सुरेश कुशवाह (बामौर, मुरैना; हाल गोल पहाड़िया) के रूप में हुई। एक्टिवा की डिग्गी में गांजा भरा मिला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी उनसे इस गिरोह के अन्य सदस्यों और गांजे की सप्लाई करने वालों की जानकारी जुटाने में जुटे हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं और गिरोह के अन्य सदस्य भी पकड़े जा सकते हैं।


