ग्वालियर में अभ्युदय समिट, अमित शाह होंगे शामिल:अटल जी के जीवन पर आधारित विशेष प्रदर्शनी होगी, ‘ग्वालियर वॉल’ में दिखेगी शहर की विरासत

ग्वालियर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट में देश-दुनिया के उद्योगपति शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य रूप से इस आयोजन में शिरकत करने ग्वालियर आ रहे हैं। समिट में एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहेगी। यह प्रदर्शनी प्रमुख रूप से पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन काल पर आधारित होगी। इसमें उनके जन्म से लेकर अंतिम सफर तक की सभी महत्वपूर्ण घटनाओं और जीवन से जुड़े लम्हों का उल्लेख किया जाएगा। प्रदर्शनी को छह खंडों में बांटा गया है, जिसमें एक खंड विशेष रूप से अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित होगा। गौरतलब है कि ग्वालियर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक शहर है। उनका पैतृक निवास आज भी यहां मौजूद है, जहां एक लाइब्रेरी संचालित है। माना जाता है कि उन्होंने यहीं से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी ग्वालियर से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा। प्रदर्शनी के अन्य खंडों में ‘ग्वालियर वॉल’ शामिल है, जिसमें शहर से जुड़ी ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जाएगी। एक खंड में प्रदेश की इंडस्ट्रीज के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे, जबकि दूसरे में विभिन्न उत्पादों को रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त, एक खंड विभागीय व्यवस्थाओं को भी समर्पित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *