केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के मद्देनजर ग्वालियर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जहां अपराधियों पर नजर रखी जा रही है, वहीं अवैध शराब रखने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 12 प्रकरण दर्ज किए हैं। इस दौरान 12 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। विभाग को पिछले कुछ दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेची और पिलाई जा रही है। लोग ग्रीन नेट और टेंट लगाकर अस्थायी अहाते बनाकर शराब परोस रहे हैं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा और सहायक आयुक्त राकेश कुर्मी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। लोगों को दी गई समझाइश आबकारी टीम ने महलगांव, सिटी सेंटर, नाका चंद्रबनी और लक्ष्मणपुर सहित अन्य क्षेत्रों में कई जगह छापा मारा। कार्रवाई के दौरान लोगों को खुले में शराब नहीं पीने की समझाइश भी दी गई। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में संजय भदौरिया, शिव रघुवंशी, शुचि जैन, पंकज शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।


