ग्वालियर के गोला का मंदिर इलाके में एक 26 वर्षीय इंजीनियर ने जहर खाकर जान दे दी है। घटना शनिवार सुबह की है। इंजीनियर पर डबरा में 2 साल साल 11 माह की बालिका से गंदी हरकत का मामला (पॉक्सो एक्ट) दर्ज है। परिजन का कहना है कि बच्ची की मां ने झूठा मामला दर्ज कराया था। बच्ची की मां 60 लाख रुपए की मांग करते हुए ब्लैकमेल कर रही थी। 30 लाख रुपए दे चुके थे, लेकिन 30 लाख रुपए की मांग और की जा रही थी। ब्लैकमेलिंग से तंग आकर इंजीनियर ने सुसाइड जैसा कदम उठाया है। परिजन ने आरोपियों के वकील पर भी धमकाने और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। डबरा से दूर चाचा के यहां रह रहा था
रेप के आरोप के बाद लव की जॉब छूट गई थी। वह डिप्रेशन में था। वह डबरा से निकलकर ग्वालियर शहर में गोला का मंदिर पुरुषोत्तम विहार में अपने चाचा के यहां रह रहा था। यहां शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात उसने खुदकुशी के इरादे से जहरीला पदार्थ खा लिया। शनिवार सुबह जब परिजन उसे बुलाने गए तो वह गंभीर हालत में पड़ा हुआ था। तत्काल इंजीनियर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। अप्रैल 2025 में वह छुट्टी पर घर आया था
ग्वालियर के डबरा रामगढ़ निवासी 26 वर्षीय लव उर्फ लवजीत सिंह राणा ने बीटेक किया था। कुछ माह पहले तक लव एक मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब करता था। अप्रैल 2025 में वह छुट्टी पर घर आया हुआ था। तभी डबरा में दोस्त आकाश की किराएदार ने 22 अप्रैल 2025 को अपनी 2 साल 11 माह की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगाया था। अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि 22 अप्रैल दोपहर 12:30 बजे लवजीत अपने दोस्त आकाश के घर आया था। आकाश मकान मालिक ठेकेदार राजेंद्र गुप्ता का बेटा है। उनकी बच्ची को कार में घुमाने के बहाने ले गए थे। करीब 1 बजे वे दोनों बच्ची को लेकर लौटे तो बच्ची काफी डरी और सहमी हुई थी। जब मां ने बच्ची से पूछा तो उसने बताया कि कार की बैक सीट पर आकाश भैया और लव भैया ने उसके साथ गंदी हरकत की। जब मां ने बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर देखा तो वहां चोट का निशान था। इसके बाद बच्चों की मां ने डबरा सिटी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की थी। मामले के बाद काफी हंगामा मचा था और डबरा थाने में आकाश और लव पर पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई थी। बच्ची की मां कर रही थी ब्लैकमेल, मांगे 30 लाख रुपए
घटना के बाद मृतक के चाचा विपिन राणा ने आरोप लगाया है कि पॉक्सो एक्ट के मामले में राजीनामा करने के लिए बच्ची की मां 60 लाख रुपए की मांग कर रही थी। पॉक्सो एक्ट में बच्ची की ओर से केस लड़ रहे वकील तपन त्रिवेदी लगातार उन्हें रुपए लाने के लिए दवाब डाल रहे थे। 30 लख रुपए वह किसी को पहले दे भी चुके हैं लेकिन 30 लाख रुपए की डिमांड और की जा रही थी। जिससे यह लव काफी डिप्रेशन में था और इसी डिप्रेशन में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया है। लव पर झूठा और साजिश के तहत पॉक्सो एक्ट की FIR दर्ज कराई गई थी। डबरा का टॉपर था मृतक
मृतक के बारे में पता लगा है कि वह अपने टाइम पर टॉपर था। दसवीं की परीक्षा में उसने डबरा में टॉप किया था। इसके बाद 12वीं में भी उसने टॉप किया। उसने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई आईपीएस इंस्टीट्यूट इंदौर एमपी से की थी। इसके बाद वह गुड़गांव (गुरुग्राम) हरियाणा में मल्टी नेशनल कंपनी में जॉब करता था। घटना के समय ही वह छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। पुलिस का कहना
इस मामले में गोला का मंदिर थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर तुलाराम कुशवाह ने बताया कि एक युवक ने जहर खा लिया था। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


