ग्वालियर के एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। वह उसकी शादी कहीं और तय होने से नाराज था। उसे इस बात का भी गुस्सा था कि शादी तय होते ही प्रेमिका ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। ढाई साल तक चला प्रेम संबंध इस तरह खत्म होने से वह बौखला गया था और कुछ समझ नहीं पा रहा था। इस बीच 20 जनवरी को दोपहर करीब 1:45 बजे आरोपी समीर कुशवाह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। वहां युवती ने उसे तुरंत वापस जाने को कह दिया। यही बात समीर को खटक गई। उसे यह स्वीकार नहीं कर पर रहा था कि जो लड़की कभी उससे मिलने के लिए दीवार फांदकर आती थी, वही अब उससे बात तक नहीं करना चाहती है। गुस्से में उसने पास ही पड़े हंसिए से युवती निशा के गले पर वार कर दिया। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। तड़पती हुई निशा से उसने पूछा कि जब मुझे छोड़ना ही था, तो प्यार का नाटक क्यों कर रही थी? वह तब तक वहीं खड़ा रहा, जब तक निशा की सांसें थम नहीं गईं। पुलिस ने आरोपी समीर को 22 जनवरी की रात गिरफ्तार कर लिया। उससे लंबी पूछताछ की गई। जिसमें उसने अपने प्रेम संबंधों और हत्या के दौरान हुए पूरे घटनाक्रम के बारे में भी बताया। पढ़िए, यह रिपोर्ट… ढाई साल पहले दोस्ती से शुरू हुआ था प्यार
ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित छोटे बाबा की पहाड़ी पर रहने वाली निशा कुशवाह (21) की उसके पड़ोसी युवक समीर कुशवाह से दोस्ती थी। दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और करीब ढाई साल पहले उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें तक खाई थीं। इस बीच निशा के माता-पिता ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया। समीर बेरोजगार था। जिस कारण निशा के परिजन उसे पसंद नहीं करते थे। माता-पिता के दबाव में निशा ने भी शादी के लिए हां कर दी। शादी की तारीख 20 अप्रैल तय हो गई थी। परिवार में तैयारियां शुरू हो गई थी। ऐसे में समीर से निशा दूरी बनाने लगी। यही बात समीर को स्वीकार हो रही थी। वह लगातार उससे बात करने की कोशिश करता रहा, लेकिन निशा हर बार उसे नजरअंदाज करने लगी। इससे उसका गुस्सा बढ़ता चला गया। शादी तुड़वाने की कोशिश और धमकी
निशा की शादी रोकने के लिए समीर ने कई हथकंडे अपनाए। उसने मोहल्ले में निशा की बदनामी की और उसके मंगेतर को फोन कर अपने प्रेम संबंध की जानकारी दी। जब इसके बाद भी शादी नहीं टूटी तो उसने मंगेतर को धमकी दी कि अगर वह बारात लेकर आया तो गोली मार देगा। हत्या की पूरी वारदात
इस बीच, 20 जनवरी को निशा घर में अकेली थी। उसकी भाभी अपने बेटे को टीका लगवाने आंगनवाड़ी गई थी। इसी दौरान समीर बाउंड्री वॉल फांदकर घर में घुस गया। उसने निशा का हाथ पकड़कर उससे शादी करने की गुहार लगाई, लेकिन निशा ने साफ इनकार कर दिया। कहा कि मेरी शादी तय हो चुकी है। तुम यहां से चले जाओ। गुस्से में समीर ने हंसिया से उसके गले पर दो बार हमला किया। जब वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी और तड़पने लगी तो उसने पत्थर उठाकर उसके सिर पर पटक दिया। निशा की मौत होने के बाद वह बाइक से फरार हो गया। भाई को मोबाइल देकर भाग निकला
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के दौरान युवती के साथ अत्यधिक क्रूरता की गई थी और उसके कान को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच की। आरोपी को तलाशने के लिए पुलिस ने उसे मोबाइल लगाकर चेक किया तो मोबाइल बंद था। पुलिस उसके घर पहुंची तो उसका मोबाइल भाई के पास मिला था। पूछताछ में आरोपी के भाई ने बताया था कि वह घर से जाने से पहले मुझे अपना मोबाइल देकर गया था। हालांकि, पुलिस ने समीर को घेराबंदी कर 22 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। सीएसपी बोले- बातचीत से इनकार पर की हत्या
सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि आरोपी समीर कुशवाह ने स्वीकार किया है कि वह प्रेमिका की बेरुखी और उसकी शादी कहीं और तय होने से नाराज था। बात करने गया था, लेकिन जब उसने बातचीत से इनकार किया तो उसने हत्या कर दी। पूरी खबर पढ़ें… घर में घुसकर युवती की गला रेतकर हत्या ग्वालियर में घर में घुसकर एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के समय वह घर में अकेली थी। पुलिस मामले में प्रेम प्रसंग समेत कई एंगल पर जांच कर रही है। मामला गिरवाई थाना क्षेत्र के छोटे बाबा की पहाड़िया का है। मंगलवार 20 जनवरी को दोपहर निशा (20) अपने घर के कमरे में टीवी देख रही थी। यहां पढ़ें पूरी खबर…


