ग्वालियर में रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने आए एक किसान का बैग काटकर चोर 11 लाख रुपए के जेवर ले गए। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के चेतकपुरी इलाके में 1 दिसंबर 2025 की है। पीड़ित ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद रविवार को चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है। शहर के झांसी के कडोर निवासी प्रतिपाल सिंह गुर्जर, पुत्र बच्चू सिंह गुर्जर, किसान हैं। वे 1 दिसंबर 2025 को अपने रिश्तेदार केदार सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने पिंटो पार्क आए थे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद वे वापस जाने के लिए निकले। पिंटो पार्क से वे एक ई-रिक्शा में सवार होकर बारादरी चौराहा, मुरार पहुंचे। वहां से चेतकपुरी जाने के लिए वे 9 नंबर टेंपो में बैठे। टेंपो में सवार होते ही तीन युवक भी आकर उनके पास बैठ गए। इनमें से एक युवक के पास बैग था, जिसने अपना बैग प्रतिपाल सिंह के बैग के ऊपर रख दिया। इसके बाद वह युवक सिटी सेंटर स्थित राजमाता तिराहे पर उतरकर चला गया। जब प्रतिपाल सिंह चेतकपुरी पहुंचे और टेंपो से उतरे, तो उन्होंने देखा कि उनका बैग कटा हुआ था और उसमें रखा सोने के गहनों का डिब्बा गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला जांच में लिया, लेकिन लंबी जांच के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अब जाकर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। डिब्बे में थे नौ तोला वजनी जेवर पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए डिब्बे में चार चूड़ियां, एक मंगलसूत्र, टॉप्स, बृजबाला, एक चेन और दो अंगूठियां थीं। इन गहनों का कुल वजन करीब नौ तोला था, जिसकी कीमत लगभग 11 लाख रुपए आंकी गई है। कई जगह शिकायत के बाद हुई कार्रवाई पीड़ित किसान का कहना है कि चोरी की शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्हें मुरार, विश्वविद्यालय और झांसी रोड थाना के चक्कर लगाने पड़े। इसके अलावा वे पुलिस अधिकारियों, एएसपी विदिता डागर, अनु बेनीवाल और एसएसपी ग्वालियर से भी मिले। इसके बाद जाकर कहीं यह मामला दर्ज किया गया।


