ग्वालियर में दर्दनाक हादसा:मां का दूध पीकर खेल रहा मासूम PM आवास की आठवीं मंजिल से गिरा, मौत

सिरोल थाने के पास बन रही पीएम आवास परियोजना में निर्माणाधीन मल्टी की 8वीं मंजिल से गिरकर डेढ़ साल के मासूम आर्यन की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार फूलचंद बसोर और लक्ष्मी रोज की तरह शनिवार को भी बच्चों को घर पर छोड़कर पीएम आवास की निर्माणाधीन मल्टी में मजदूरी कर रहे थे। तभी मासूम आर्यन को भूख से रोते देख भतीजा अमन गोद में उठाकर लक्ष्मी के पास 8वीं मंजिल पर ले आया। मां ने भी काम रोककर अपने लाल को दूध पिलाया और उसे मोबाइल देकर काम करने लगी। मोबाइल पर कार्टून बंद हुआ तो आर्यन खेलते-खेलते छत के किनारे पर पहुंच गया और फिसलकर नीचे गिर गया। जमीन पर गिरे बच्चे को देखकर सुपरवाइजर चीख उठा। चीख सुन माता-पिता सहित मजदूर वहां पहुंचे और आर्यन को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 7 साल से परियोजना अधूरी… बिना सुरक्षा उपकरण काम कर रहे मजदूर
सिरोल थाने के सामने 166 करोड़ रुपए की लागत से 8 मंजिला पीएम आवास मल्टी बनाई जा रही है। वर्ष 2018 में शुरू हुई यह परियोजना 7 साल बाद भी अधूरी है। मौके पर 40 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे हैं, लेकिन किसी के पास न हेलमेट है, न सेफ्टी बेल्ट, न ही कोई सुरक्षा किट। ऊंचाई पर बिना किसी सुरक्षा के रोजाना काम होता है और मजदूरों के परिवार भी आसपास ही अस्थायी झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। स्थल पर सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी ने अब मासूम की जान ले ली है। मजदूरों के मुताबिक ठेकेदार की ओर से न सुरक्षा उपकरण दिए जाते हैं और न बच्चों को साइट से दूर रखने की कोई व्यवस्था है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *