शिवपुरी में NH-46 पर ट्रक पलटा, आग लगी:गत्तों से भरे ट्रक में घुसी कार; राहगीरों ने ड्राइवर की जान बचाई

शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर टंकी वाले हनुमान मंदिर के पास शनिवार रात एक सड़क हादसा हुआ। ग्वालियर से शिवपुरी की ओर आ रहा गत्तों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। टकराने के बाद ट्रक पलट गया और उसमें आग लग गई। इसी दौरान, ट्रक के ठीक पीछे आ रही एक तेज रफ्तार कार पलटे हुए ट्रक में जा घुसी। हादसे के कुछ ही सेकेंड बाद, पीछे से आ रही शिवपुरी की एक अन्य कार में सवार बल्ली सरदार, अभिषेक शर्मा, अनुज शर्मा और गगन त्रिवेदी ने बिना समय गंवाए ट्रक-कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इन युवकों की तत्परता से ट्रक ड्राइवर की जान बच गई। ट्रक से टकराई कार के सवार भी तुरंत बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सका। सूचना मिलते ही सुभाषपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण हाईवे पर लगे जाम को पुलिस ने वन-वे कर यातायात सुचारु कराया। सुभाषपुरा थाना प्रभारी राजीव दुबे ने बताया कि यह हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *