ग्वालियर में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी विवाहिता को परिजनों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को दिए बयान में महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने और जलाने के आरोप लगाए हैं। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित फूल पुरा गांव में गुरुवार शाम की है। पुलिस ने मामला दर्ज का जांच शुरू कर दी है। डीजल डालकर लगाई आग, 90 फीसदी जली विवाहिता आरती गुर्जर को शाम 7 बजे परिजन गंभीर हालत में गोला का मंदिर के पास एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वह लगभग 90 प्रतिशत तक जल चुकी है। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, एएसपी कृष्ण लालचंदानी, सीएसपी नागेंद्र सिंह व फोरेंसिक विशेषज्ञ अखिलेश भार्गव भी पड़ताल के लिए घटना स्थल पर पहुंचे थे। पूछताछ में आरती ने सास, ससुर, जेठ, जिठानी सहित चचेरे परिजन पर प्रताड़ित करने व डीजल डालकर जलाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शादी 9 साल पहले हुई थी और उसके 9 व 6 साल के दो बच्चे हैं।


