ग्वालियर में पड़ोसी ने महिला और बेटे से की मारपीट:कुत्ते को पीटने का वीडियो बनाने पर विवाद; वीडियो आया सामने

ग्वालियर के दीन दयाल नगर इलाके में एक महिला और उसके बेटे के साथ पड़ोसी ने मारपीट की। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच की है, जो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता ने महाराजपुरा थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिला ने बताया कि उनके पड़ोसी नरेंद्र शर्मा और मनीष शर्मा एक कुत्ते को लाठी-डंडों से पीट रहे थे। जब उनके बेटे ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो मनीष शर्मा उसे मारने के लिए दौड़े। बेटे को बचाने के लिए वह बीच में आईं, जिस पर उनके साथ भी मारपीट की गई। रागनी सिंह ने बताया कि वह एनिमल लवर हैं और उन्होंने पड़ोसियों के इस कृत्य का विरोध किया था। महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ने उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं और बेटे का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की जानकारी देते हुए पीड़िता ने बताया कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने मारपीट के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे थे, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद से वह घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही है। इस मामले को लेकर सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि कुछ महिलाओं ने मारपीट की शिकायत को लेकर लिखित आवेदन दिया है। शिकायत में अन्य आरोपियों के नाम भी शामिल किए गए हैं। महिलाओं के आवेदन पर संबंधित थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *