ग्वालियर में भिंड जिला पंचायत सदस्य के पति पर हमला:तीन गोलियां मारीं, दो लगीं; घायल का दावा- कार, कैश, रिवॉल्वर लूटी

भिंड की पूर्व जनपद अध्यक्ष और वर्तमान जिला पंचायत सदस्य संजू जाटव के पति गजराज सिंह जाटव पर हमला हुआ है। हमला ग्वालियर में बिजौली के रतवाई इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुआ। दो गोलियां उनको लगकर निकली हैं। हमलावर उनकी कार, कैश और रिवॉल्वर भी लूट ले गए। घायल हालत में स्थानीय लोगों ने उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने रंजिश में उन पर तीन गोलियां चलाईं। हालांकि, बाद में गाड़ी, कैश और रिवॉल्वर घटनास्थल के पास मिल गई। इस वजह से पुलिस को लूट का एंगल नहीं लग रहा है। पुलिस डॉक्टरों से भी सलाह ले रही है कि घायल के शरीर पर जो घाव हैं, वो गोली के हैं या नहीं। दोस्त पर भी हमला करने का आरोप
भिंड निवासी गजराज सिंह जाटव कांग्रेस समर्थित पूर्व जनपद अध्यक्ष और वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य संजू जाटव के पति हैं। गजराज का एक घर ग्वालियर के शताब्दीपुरम में भी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात वह दोस्त पुष्पेंद्र को छोड़ने स्कॉर्पियो से उसके गांव जा रहे थे। गाड़ी में वंशप्रताप उर्फ नकद धनोलिया, भानू पवैया और एक अन्य भी साथ थे। अभी वे रतवाई के पास ही पहुंचे होंगे, तभी भानू, पुष्पेंद्र और नकद धनोलिय ने हमला कर दिया। गाड़ी, कैश और रिवॉल्वर लूट ले गए। मुझ पर तीन गोलियां चलाई गई थीं, दो गोली लगी हैं। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कराई
पुलिस मौके पर पहुंची और शहर भर में नाकाबंदी कराई। इसी बीच घायल की स्कॉर्पियो एफआरवी सिरोल को लावरिस हालत में मिली। इसके पास ही बैग बरामद हो गया। इसमें एक रिवॉल्वर, चार कारतूस के साथ ही डेढ़ लाख रुपए, आधारकार्ड और अन्य दस्तावेज दखे हुए थे। घायल की कहानी की सच्चाई पता लगा रही पुलिस
पुलिस को घायल की कहानी में कुछ गड़बड़ नजर आ रही है। अगर कोई हत्या के इरादे से गोली मारता, तो गोली छूकर नहीं निकलती। यदि लूट करते तो कार, कैश और रिवॉल्वर छोड़कर नहीं भागते। घायल निजी हॉस्पिटल में भर्ती है। पुलिस वहां के डॉक्टरों से भी परामर्श कर रही है कि घायल के शरीर पर जो घाव हैं, वो किस तरह के हैं। डॉक्टरों ने फिलहाल गोली का घाव होने पर संदेह जताया है। एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि जिन लोगों के नाम बताए हैं, वे उसके ही साथी हैं। पुलिस घायल की कहानी की सच्चाई पता लगा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *