ग्वालियर में महिला की हत्या में पुलिस को मिला संदेही:AI से बने फोटो से हुई थी पहचान, पुलिस ने आरोपी पर 10 हजार का इनाम रखा

ग्वालियर के नारायण विहार कॉलोनी की झाड़ियों में 6 दिन पहले मिले अर्द्धनग्न महिला के शव की शिनाख्त पुलिस ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक से तैयार किए गए फोटो के जरिए कर ली थी। अब पुलिस इस मामले में एक कदम और आगे बढ़ गई है। घटना स्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज पुलिस को मिला है, जिसमें एक संदेही युवक नजर आ रहा है। फुटेज में संदेही युवक उसी रात घटना स्थल के आसपास एक से अधिक बार दिखाई दिया है। अब पुलिस इस संदेही की तलाश कर रही है। हत्या के मामले में संदेही का फोटो पुलिस ने सार्वजनिक कर दिया है। साथ ही उसकी पहचान बताने वाले को 10 हजार रुपए नकद इनाम देने की घोषणा की गई है। शहर के भिंड रोड स्थित नारायण विहार कॉलोनी की झाड़ियों में कटारे फार्म के पास 29 दिसंबर की शाम एक महिला का अर्द्धनग्न शव मिला था। महिला की हत्या चेहरे पर पत्थर से वार कर की गई थी, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। इसी कारण महिला की पहचान नहीं हो पा रही थी। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना पत्थर, महिला के कपड़े और एक पुरुष के कपड़े बरामद किए थे। मौके की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट था कि महिला की हत्या की गई है। शुरुआती तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी, हालांकि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अब विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। एआई तकनीक से फोटो बनाकर की गई पहचान मामले में पुलिस ने एआई तकनीक का सहारा लिया और महिला का संभावित फोटो तैयार कराया। फोटो मिलने के बाद पुलिस उन इलाकों में पहुंची, जहां मजदूर वर्ग निवास करता है। पुलिस की यह कोशिश मेला ग्राउंड के पीछे जाकर सफल हुई। वहां रहने वाले मजदूरों और चाय-अंडा ठेला लगाने वालों ने महिला की पहचान काली बाई के रूप में की। उन्होंने बताया कि महिला अक्सर पिंटो पार्क से गोला का मंदिर बेल्ट क्षेत्र में दिखाई देती थी और उनके ठेले से चाय व अंडा लेती थी। हालांकि कोई भी यह नहीं बता सका कि वह कहां रहती थी या उसके परिजन कौन हैं। महिला की शिनाख्त के साथ ही पुलिस ने अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का पहला महत्वपूर्ण चरण पार कर लिया। पहचान के बाद मिला संदेही का CCTV फुटेज, इनाम की घोषणा मृतका की पहचान के बाद पुलिस की जांच में तेजी आई और अब पुलिस को घटना स्थल के पास का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें एक संदेही युवक दो से तीन बार दिखाई दे रहा है। युवक ने स्लेटी रंग की जींस, ट्रैक सूट के अपर जैसी जैकेट और गले में लाल साफा पहना हुआ है। पुलिस अब इस संदेही की तलाश कर रही है। उसकी पहचान या गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 10 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। जल्द होगा मामले का खुलासा इस मामले में एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि महिला की शिनाख्त हो चुकी है, लेकिन अभी यह पता नहीं चल सका है कि वह कहां रहती थी और उसके परिवार में कौन-कौन सदस्य हैं। महिला के हाथ पर लिखे “पप्पू” नाम की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक संदेही का सीसीटीवी फुटेज मिला है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *