ग्वालियर में दो साल पुरानी रंजिश को लेकर स्कूली छात्रों के बीच हिंसक झड़प हो गई। 12वीं के एक छात्र पर उसके हमउम्र छात्रों ने कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली छात्र की पिंडली के पास लगी है। घायल छात्र को उसके दोस्त और भाई तत्काल फूलबाग स्थित अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। घटना बुधवार दोपहर महाराजा कॉम्प्लेक्स, डीडी नगर थाना क्षेत्र के महाराजपुरा इलाके में हुई। घायल छात्र की पहचान 18 वर्षीय कृष्णा शर्मा के रूप में हुई। कृष्णा रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर रवींद्र शर्मा का पोता है। वह वर्तमान में भोपाल में पढ़ाई कर रहा है। दो दिन पहले ही ग्वालियर आया था। दोपहर में नाश्ता लेने जा रहा था
दरअसल, बुधवार दोपहर कृष्णा नाश्ता लेने श्रीराम मिष्टान्न भंडार जा रहा था। इसी दौरान महाराजा कॉम्प्लेक्स में विश्वास गुर्जर, सुमित गुर्जर और उनके साथियों ने उसे घेर लिया। पुरानी रंजिश के चलते पहले उसके साथ मारपीट की। जब कृष्णा ने विरोध किया तो सुमित गुर्जर ने कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। एक गोली कृष्णा की पिंडली में जा लगी। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए। भाई एक्टिवा से लेकर पहुंचा अस्पताल
घटना के बाद कृष्णा के भाई यीशु शर्मा और एक अन्य युवक उसे एक्टिवा से अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल के छोटे भाई यीशु शर्मा ने बताया कि दो साल पहले ग्वालियर के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाई के दौरान कृष्णा का विश्वास गुर्जर और सुमित गुर्जर से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते परिजनों ने कृष्णा को भोपाल पढ़ने भेज दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को विश्वास, सुमित और उनके 6-7 साथियों ने मिलकर हमला किया। सभी आरोपी भी स्कूल और कॉलेज के छात्र
घटना की सूचना मिलते ही घायल के दादा, रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर रवींद्र शर्मा अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने विश्वास गुर्जर, सुमित गुर्जर, कृष्णा भड़ाना, कृष्णा तोमर, कान्हा पंडित, वैभव सहित एक अन्य युवक पर फायरिंग और हमले का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी भी स्कूल या कॉलेज के छात्र हैं। सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते छात्र के साथ मारपीट के बाद गोली चलाई गई है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। …………………………..
यह खबर भी पढ़ें…
श्रीराम कॉलेज में दो छात्रों के बीच जमकर विवाद: पैर में फंसा चाकू लेकर पहुंचा अस्पताल जबलपुर के श्री राम कॉलेज में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच बुधवार को जमकर विवाद हुआ। हालत ऐसे बन गए कि एक छात्र ने दूसरे के पैर में चाकू मार दिया। विवाद की जानकारी मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस पहुंची। घायल छात्र करीब 10 किलोमीटर पैर में फंसा चाकू लेकर अस्पताल पहुंचा। यहां उसकी हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात तक उसकी सर्जरी चलती रही। पढ़ें पूरी खबर


