ग्वालियर में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाया है। परिवार शादी समारोह में शामिल होने अंबाह गया था, तभी चोरों ने ताले तोड़कर 15 लाख रुपए के जेवर और 2 लाख रुपए नकद चुरा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रामनगर में फ्रूट मंडी के पीछे हुई। उदय सिंह राठौड़ अपने परिवार के साथ अंबाह में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार, चोरी रात करीब 9 बजे से तड़के 2 बजे के बीच हुई। दो हार, बृजबाला और अन्य आभूषण चोरी
चोरों ने घर में रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर कीमती गहने निकाल लिए। चोरी हुए सामान में दो हार, बृजबाला सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर चोरी का अनुमानित मूल्य लगभग 15 लाख रुपए बताया जा रहा है। इसके अलावा 2 लाख रुपए की नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। घर लौटने पर उदय सिंह राठौड़ ने जब टूटा ताला और बिखरा सामान देखा, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।


