आगर मालवा के सोयत में झालावाड़-उज्जैन रोड पर गुराड़ी बंगला के पास गुरुवार-शुक्रवार की देर रात गो-तस्करी का मामला सामने आया। सोयत पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वाहन से 8 नर गोवंश को मुक्त कराया। सभी पशुओं के मुंह और पैर बंधे हुए थे, और उनके शरीर पर चोट के निशान भी मिले। वाहन को सबसे पहले गोरक्षा से जुड़े स्थानीय लोगों ने रोका और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने वाहन में मौजूद सद्दाम शाह को हिरासत में लिया। सद्दाम के शरीर पर भी चोट के निशान पाए गए। हालांकि, वाहन चालक सादिक खान मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में सद्दाम ने कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं, जिनके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। सोयत थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि जब्त किए गए वाहन को थाने लाया गया है। सभी गोवंश को सुरक्षित रूप से श्री गोवर्धन गोशाला, सोयत में पहुंचाया गया है। पुलिस ने गो-तस्करी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर आगर मालवा-झालावाड़ सीमा क्षेत्र में गो-तस्करी के ऐसे मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी निगरानी और सख्त कदम उठाने की मांग की है।


