ग्वालियर मेले में कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ:पहले दिन पुरुष पहलवानों के बीच हुए मुकाबले, कई जिलों से ग्वालियर पहुंचे खिलाड़ी

ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेले में सोमवार को कुश्ती प्रतियोगिता (दंगल) का मंगल वाटिका में शुभारंभ हुआ। मेले में पहले दिन पुरुष पहलवानों की जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दंगल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि ग्वालियर व्यापार मेला के सचिव एस.बी. त्रिपाठी रहे। जिला खेल अधिकारी जोसेफ वक्सला ने अध्यक्षता की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में शिशिर श्रीवास्तव, शाकिर नूर (विश्वामित्र अवार्डी), डॉ. कुंवर राज कटारे और करम वीर शामिल थे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। ग्वालियर व्यापार मेले में आयोजित इस दंगल के नोडल अधिकारी और जिला खेल व युवा कल्याण अधिकारी जोसेफ बक्सला ने बताया कि पुरुष पहलवानों की जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 20 जनवरी तक चलेगी। यह प्रतियोगिता 40-45, 51, 57, 61, 65, 70, 74, 79, 84 और 84 से अधिक किलोग्राम वर्ग में आयोजित की जा रही है। पुरुषों की संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 21 से 22 जनवरी तक होगी। इसमें 45-51, 57, 61, 65, 70, 74, 79, 84 और 84 से अधिक किलोग्राम वर्ग के मुकाबले होंगे। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों का वजन 21 जनवरी को लिया जाएगा। मेले में पुरुष पहलवानों का राज्य स्तरीय दंगल 23 से 25 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्य भर के 45-51, 57, 61, 65, 70, 74, 79, 84 और 84 से अधिक किलोग्राम वर्ग के पहलवान अपने दाँव-पेंच दिखाएंगे। राज्य स्तरीय दंगल में भाग लेने वाले पहलवानों का वजन 23 जनवरी को लिया जाएगा। महिला पहलवानों का राज्य स्तरीय दंगल भी 23 से 25 जनवरी तक होगा। इस प्रतियोगिता में 35-40, 50, 60, 60 से अधिक और 70 किलोग्राम वर्ग की महिला पहलवान हिस्सा लेंगी। राज्य स्तरीय दंगल में भाग लेने वाली महिला पहलवानों का वजन 23 जनवरी को लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *