धार में कांग्रेस ने लगाया मतदाता सूची फर्जीवाड़े का आरोप:विधायक बोले- दृष्टिहीन व्यक्ति के नाम से भरे गए आपत्ति फॉर्म

धार जिले की सरदारपुर विधानसभा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सोमवार को विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम सलोनी अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। विधायक प्रताप ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में आदिवासी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसआईआर. कार्य में बीएलओ ने ईमानदारी से काम किया, लेकिन कुछ फर्जी व्यक्तियों ने ग्रामीण मतदाताओं के नाम से दावे-आपत्ति फॉर्म भरकर नाम कटवाने का प्रयास किया। ग्रेवाल ने उदाहरण देते हुए बताया कि मतदान केंद्र देदला-73 में दृष्टिहीन और विकलांग व्यक्ति सुभाष डावर के नाम से तीन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म भरे गए, जबकि डावर को इसकी जानकारी नहीं थी। इसी प्रकार, पिपल्याभान-142 में खेलु मावी के नाम से एक ही दिन में 30 फॉर्म जमा किए गए, जो नियमों का उल्लंघन है। इन आवेदनों में वर्तमान सरपंच सहित कई ग्रामीणों के नाम हटाने की मांग की गई है, जबकि वे सभी गांव में ही निवास करते हैं। इसके अतिरिक्त, भमती-143 में कांग्रेस के बीएलए भावसिंह भाबर का नाम हटाने के लिए भी आपत्ति दर्ज की गई। जबकि भाबर ने स्वयं एसआईआर प्रक्रिया में बीएलओ का सहयोग किया था। कांग्रेस ने मांग की है कि एसडीएम कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों और फार्मों पर हस्ताक्षरों के आधार पर जांच की जाए और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 के तहत प्रकरण दर्ज किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के बाद पिपल्याभान की सरपंच मिठ्ठीबाई डोडियार और भावसिंह भाबर, विधायक ग्रेवाल के साथ राजगढ़ थाने पहुंचे। उन्होंने फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *