घने कोहरे के कारण पिकअप और ट्रक में भिड़ंत:बिजली निगम के एक कर्मचारी की मौत, दूसरा गंभीर हालत में बीकानेर रेफर

घने कोहरे के कारण जिले के राजलदेसर थाना क्षेत्र में कस्बे से चार किलोमीटर दूर एक होटल के पास एनएच 11 पर पिकअप और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घायल को गवर्नमेंट अस्पताल राजलदेसर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद बीकानेर रेफर कर दिया। राजलदेसर थाने के हेड कॉन्स्टेबल कृष्णदेव सिंह ने बताया कि बिजली विभाग में ठेके पर काम करने वाले दो कर्मचारी गुरुवार को आलसर में बिजली का कोई काम करने जा रहे थे। तभी बीकानेर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने घने कोहरे के चलते दिखाई नहीं देने पर पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में बलरामपुरा निवासी ओमप्रकाश (32) की मौत हो गई, जबकि बावलियां की ढाणी रिंगस सीकर निवासी हरिप्रसाद (42) गंभीर घायल हो गया। घायल को तुरंत राजलदेसर के गवर्नमेंट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद बीकानेर रेफर किया गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के सहायक अभियंता पंकज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले में मृतक के भाई बलरामपुरा निवासी हंसराज की रिपोर्ट पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ गफलत व लापरवाही से ट्रक चलाकर टक्कर मारने का मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *