घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम की खराब स्थिति के चलते शुक्रवार को आधा दर्जन के करीब फ्लाइटें रद्द रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रद्द की गई उड़ानों में कोलकाता, दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई से जुड़ी प्रमुख फ्लाइटें शामिल हैं। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-7089/7014 और 6ई-7674/7235 (कोलकाता-रांची-कोलकाता) को कोहरे के कारण रद्द किया गया। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की आईएक्स- 1046/1047 (दिल्ली-रांची-दिल्ली), आईएक्स-1239/1248 (बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु) और आईएक्स- 1237/1238 (मुंबई-रांची-मुंबई) उड़ानें भी संचालित नहीं हो सकीं। इसके अलावा कई विमानों के लेट से आने की भी सूचना है। इससे रांची से जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक अपनी फ्लाइट का इंतजार करना पड़ा।


