मनेंद्रगढ़ | मनेंद्रगढ़ जिले और आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे को देखते हुए एमसीबी पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से सड़क पर आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने का आग्रह किया है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। सिटी कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी ने बताया कि वाहन चलाते समय हमेशा एज लाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखना, लेन अनुशासन का पालन करना, सेंटर लाइन को पार न करना और ओवरटेकिंग से बचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वाहन की गति हमेशा दृश्यता के अनुसार कम रखी जाए और जितनी दूरी तक स्पष्ट दिखाई दे, उसी अनुपात में वाहन चलाया जाए। प्रभारी ने पहाड़ी एवं घुमावदार सड़कों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, घने कोहरे में फॉग लाइट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और वाहन के शीशे साफ रखने के लिए एसी का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने सूर्योदय से पहले और धूप निकलने तक अनावश्यक यात्रा से परहेज करने का भी आग्रह किया। पुलिस विभाग ने नागरिकों से जागरूक रहने और सड़क सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।


