घरेलू विवाद: पत्नी की गला दबाकर हत्या, पति गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | कवर्धा पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम लिम्हईपुर में 12 जनवरी को सरोजनी बंजारे (31) की हत्याकांड की वारदात सामने आई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी पति दीप सागर बंजारे को गिरफ्तार किया है। घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। वहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी को इलाज के बहाने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला ले गए थे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सूक्ष्म अवलोकन पर पता चला कि मृतिका की मौत गला दबाकर हत्या करने के कारण हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए टीआई नितिन तिवारी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतिका के पति दीप सागर बंजारे और ससुर को पूछताछ के लिए थाना लाए। कड़ाई से पूछताछ और पारिस्थितिक जन्य साक्ष्यों की उपस्थिति में आरोपी दीप सागर बंजारे ने घरेलू विवाद के कारण हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने बुधवार को आरोपी दीप सागर पिता लक्ष्मण बंजारे को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है। विवेचना में उप निरीक्षक मानिक लाल सिन्हा, महेश वर्मा, प्रधान आरक्षक राजेश्वर कोसरिया, आरक्षक सुनील घृतलहरे, राजू चंद्रवंशी व अभिषेक शर्मा का योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *