घरों में लगाएं सोलर पैनल, इससे 300 यूनिट तक खपत पर 15 हजार रुपए तक की बचत

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर कलेक्टर रोहित व्यास ने मंगलवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, टीएल के प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवेदन का निराकरण गंभीरता से करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत प्रतिमाह 300 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरों को बिजली खर्च में 15 हजार रुपए तक की बचत करने में मदद मिलेगी। कलेक्टर ने इसके लिए विभाग को स्पष्ट लक्ष्य भी दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 16 जून से स्कूल खुलेंगे और बच्चे स्कूल आना शुरू करेंगे। स्कूल खुलने के बाद राजस्व विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग मिलकर बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अभियान चलाएंगे। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों को समय से उपलब्ध कराना होगा ताकि अधिक से अधिक बच्चों को जाति प्रमाण पत्र मिल सके। जशपुरनगर | कलेक्टर रोहित व्यास ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को स्कूल निर्माण के कार्यों को बरसात से पहले पूरा करने के लिए निर्देशित किया, ताकि बच्चों को पढ़ाई में कोई असुविधा न हो। इसी तरह, कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई और सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि सुदूर अंचलों में सड़क पहुंच मार्ग बन जाने से वहां के लोगों को इसका लाभ मिलेगा और विकास कार्यों को संचालित करने में भी आसानी होगी। बैठक में लोक निर्माण विभाग संभाग पत्थलगांव के कार्यपालन अभियंता श्री मोचन कश्यप, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता आरके राठिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। मोर गांव मोर पानी महाभियान: कोरवा परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा कलेक्टर ने जिले में चलाए जा रहे मोर गांव मोर पानी महाभियान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जल संरक्षण संवर्धन के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत 2 से 6 जून तक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। यह महाभियान ग्रामीण जल संसाधनों के संरक्षण और टिकाऊ उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। आगे उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए चलाए जा रहे धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान पर भी जोर दिया। यह योजना केंद्र सरकार के अनुसूचित जनजाति कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में इस योजना का बेहतर क्रियान्वयन किया जाना है। 15 जून से 30 जून तक विशेष अभियान चलाकर शिविर लगाकर विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *