फुटबॉल: पेनाल्टी शूटआउट में कोरबा ने मनेंद्रगढ़ को हराया

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ प्रेसीडेंट क्लब फ्लड लाइट फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मैच मनेंद्रगढ़ और कोरबा के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कोरबा की टीम ने मनेंद्रगढ़ को पेनाल्टी शूट आउट में हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी दर्शक ग्राउंड में उपस्थित रहे। रेलवे ग्राउंड मनेंद्रगढ़ में नगर पालिका मनेंद्रगढ़ व रेलवे इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में एक सप्ताह तक चले प्रेसीडेंट क्लब फुटबॉल टूर्नामेंट का खेलप्रेमियों ने भरपूर लुत्फ उठाया। 3 जून को टूर्नामेंट का फाइनल मैच मनेंद्रगढ़ और कोरबा की टीम के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से 1-1 गोल करने के बाद कोरबा की टीम ने पेनाल्टी शूट आउट में मनेंद्रगढ़ को 5-3 से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीम को नपाध्यक्ष प्रतिभा सरजू यादव एवं उप विजेता टीम को रेलवे सहायक मंडल अभियंता अजय कुमार गुप्ता ने पुरस्कृत किया। विशेष पुरस्कार सरसंघ चालक नीरज अग्रवाल ने दिया। सभी अतिथियों ने दोनों विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *