घर के बाहर खेल रही बच्ची को कुत्ते ने काटा:सिर और आंख पर हुए घाव; 13 दिन पहले हमले में मासूम की हो गई थी मौत

घर के बाहर खेल रही 3 साल की बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने मासूम के सिर और चेहरे पर काट लिया। बच्ची चीखी तो घर के अंदर अलाव ताप रहे परिजन भाग कर बाहर आए और कुत्ते के चंगुल से छुड़वाया। कुत्ते के दांत बच्ची के सिर और आंख के पास लगने से चेहरे पर खून ही खून हो गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए। मामला खैरथल के शाहपुरा गांव का मंगलवार सुबह 11 बजे का है। चाचा मुबारिक खान ने बताया कि हमला मेरे बड़े भाई राहुल खान की बेटी जानिस्ता पर हुआ। आज सुबह परिवार के सदस्य सर्दी के कारण घर में अलाव जला कर बैठे थे। वहीं बच्चे घर के बाहर चौक में खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के चीखने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखा तो कुत्ते ने जानिस्ता को सिर से पकड़ रखा था। हम चिल्लाए तो कुत्ते ने जानिस्ता को छोड़ा और भाग निकला। इसके बाद उसे खैरथल के सैटेलाइट अस्पताल में लेकर गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों के जानिस्ता को अलवर रेफर कर दिया। डॉक्टर बोलीं- डॉग बाइट में टांके नहीं लगा सकते, इंफेक्शन का खतरा
खैरथल के सैटेलाइट अस्पताल की डॉक्टर नेहा शर्मा ने बताया- बच्ची के सिर और आंख पर जख्म थे। आंख के पास काफी बड़ा घाव था। हमने इमरजेंसी में बच्ची को ट्रीटमेंट दिया। वैक्सीन भी लगा दी। सर्जन की राय लेने के लिए हमने बच्ची को अलवर भेजा था। नॉर्मली डॉग बाइट के केस में जख्मों को बंद नहीं किया जाता है। जख्म बंद करने से इंफेक्शन की संभावना बढ़ जाती है। सैटेलाइट हॉस्पिटल खैरथल के पीएमओ डॉक्टर नितिन शर्मा ने बताया- हॉस्पिटल में रोजाना डॉग बाइट के चार-पांच केस आते हैं। घायल जानिस्ता की आंखों के पास सूजन आ गई थी। बच्ची को देर शाम अलवर अस्पताल से भी छुट्टी दे दी गई है। दो सप्ताह में दूसरी घटना
खैरथल में दो सप्ताह में डॉग बाइट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 1 जनवरी को किरवारी गांव में 7 साल की इकराना की कुत्तों के हमले में जान चली गई थी। कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। कुत्ते के काटने की ये खबर भी पढ़ें… बच्ची के सिर-पैर कुत्ते खा गए, आंतें बाहर आईं; मौत:सात साल की लड़की को दबोचकर सरसों के खेत में ले गए, चमड़ी सहित बाल उखाड़े सात साल की बच्ची को कुत्तों ने मार डाला। उसके सिर और पैर को खा गए। पेट को इतना नोचा कि आंते बाहर आ गईं। चमड़ी सहित बाल उखाड़ डाले। लहूलुहान बॉडी जिसने भी देखी, उसका कलेजा मुंह को आया। (पूरी खबर पढ़ें..)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *