बैंक ने गलती से किसान के अकाउंट में 16 लाख का ट्रांजेक्शन कर दिया। गलती से आए रुपयों से किसान ने अपनी 15 लाख की उधारी चुका दी। बैंक को अपनी गलती का पता चला तो किसान से वसूली करने पहुंचे। इस पर किसान ने साफ इनकार कर दिया। अब मामले में बैंककर्मियों ने पुलिस से वसूली की गुहार लगाई है। मामला किशनगढ़ (अजमेर) के अरांई थाना इलाके का है। बैंक मैनेजर ने दर्ज करवाई FIR अरांई थानाधिकारी रामस्वरूप जाट ने बताया- बैंक ऑफ बड़ोदा के बैंक मैनेजर जितेंद्र ठाकुर ने मंगलवार शाम किसान कानाराम जाट निवासी छोटा लाम्बा गांव के खिलाफ शिकायत दी है। जांच कर रहे हैं। संबंधित किसान के खाते का स्टेटमेंट लेकर मामले की को सुलझाएंगे। इंश्योरेंस कंपनी की रकम किसान के खाते में गई अरांई स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर जितेन्द्र ठाकुर ने बताया- 31 दिसंबर को भूलवश किसान कानाराम जाट के खाते में 16 लाख 10 हजार रुपए फसल बीमा का प्रीमियम जमा हो गया। गलती से यह राशि न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के खाते में ट्रांसफर होने की बजाय काना जाट के खाते में चली गई। बैंक कार्मिकों की इस गलती का हाथों-हाथ पता नहीं चल पाया। रकम नहीं चुकाई तो जमीन नीलाम कर वसूलेंगे बैंक मैनेजर ने बताया- किसान कानाराम जाट ने 2 से 4 जनवरी के बीच 3 दिन में 5-5 लाख कर 15 लाख की राशि निकाल कर उपयोग में ले ली। बैंक प्रशासन को इसकी जानकारी 10 जनवरी को मिली। इसके बाद किसान से संपर्क कर राशि जमा करवाने को कहा गया। किसान की ओर से राशि खर्च करने की जानकारी देने पर मंगलवार को थाने में शिकायत दी गई है। वैसे, किसान का किसान क्रेडिट कार्ड और 16 बीघा जमीन के दस्तावेज बैंक के पास है। नियमानुसार, यह पैसा किसान का नहीं है, इसलिए अगर वह इस राशि को जमा नहीं करवाता है तो जमीन की नीलामी कर राशि की वसूली की जाएगी।


