घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:हुलिया बदलकर दिल्ली में काटी फरारी, दोनों हैं हिस्ट्रीशीटर

जोधपुर पुलिस की डीएसटी पश्चिम एवं पुलिस थाना प्रतापनगर सदर की संयुक्त टीम ने देर रात्रि में घर पर जानलेवा हमला करने की वारदात में वांछित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी क्षेत्र के कुख्यात व आदतन अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध अनेक गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। दोनों अपराधी आमजन में भय का पर्याय बने हुए थे और पुलिस की टॉप-10 वांछित सूची में शामिल थे। प्रत्येक आरोपी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। ये है मामला 15 दिसंबर को पुलिस थाना प्रतापनगर सदर में पीड़िता ने रिपोर्ट देकर बताया कि 14 दिसंबर को शाम को करीब 6:45 बजे आरोपी एकराय होकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौच, मारपीट, कपड़े फाड़ने, नाबालिग पुत्री के साथ गंभीर मारपीट तथा अपहरण के प्रयास किया। इस दौरान घर के बाहर खड़ी गाड़ियों के कांच फोड़े गए और पत्थरबाजी कर इलाके में दहशत फैलाई गई। प्रकरण में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था तथा दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मुख्य वांछित आरोपी संजय परिहार और मुकेश उर्फ मयूर फरार चल रहे थे। दिल्ली से जोधपुर तक पीछा, बदला हुलिया भी नहीं आया काम आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रताप नगर सदर थानाधिकारी गोविन्द व्यास एवं डीएसटी प्रभारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने प्रयास शुरू किए।। आरोपियों की तलाश में डीएसटी पश्चिम की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों अपराधी दिल्ली में फरारी काटने की फिराक में हैं। सूचना पर टीम तत्काल दिल्ली रवाना हुई, लेकिन भनक लगते ही आरोपी वहां से निकल गए। बाद में जानकारी मिली कि दोनों रेल मार्ग से जोधपुर की ओर रवाना हो चुके हैं। टीम ने लगातार पीछा करते हुए जोधपुर रेलवे स्टेशन के आसपास दोनों को घेराबंदी कर दस्तयाब किया। हुलिया बदले होने के कारण एक बार तो टीम संशय में पड़ गई लेकिन सख्त पूछताछ में उनकी पहचान पुख्ता हो गई।इस पूरे ऑपरेशन में डीएसटी पश्चिम के कॉन्स्टेबल राजूराम का विशेष योगदान रहा, जिनकी सतर्कता एवं निरंतर प्रयासों से दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। इनको किया गिरफ्तार संजय परिहार (24) पुत्र गजेन्द्र परिहार, निवासी एलएल कॉलोनी, थाना प्रतापनगर सदर, जोधपुर पश्चिम मुकेश उर्फ मयूर (25)पुत्र नेमीचन्द, निवासी राजबाग, थाना सूर सागर, जोधपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *