कोटा ग्रामीण के निमोदा हरिजी गांव में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। निमोदा हरिजी गांव निवासी पप्पू नायक के घर में करीब 6 से 7 फीट लंबा मगरमच्छ सोमवार रात को करीब 11 बजे घुस गया। उस वक्त घर की एक महिला पलंग पर सो रही थी और मगरमच्छ ठीक पलंग के नीचे बैठा रहा। पूरे परिवार को इस बात की भनक तक नहीं लगी। पलंग के नीचे मगरमच्छ देख चीख पड़ी महिला सुबह जब महिला की नींद खुली और पलंग के नीचे हलचल देखी। तब उसने मगरमच्छ को देखा तो जोर से चीख पड़ी। जिसकी आवाज सुनकर परिवार और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच मगरमच्छ पलंग के नीचे से निकलकर पास खड़ी मोटरसाइकिल के पास जाकर बैठ गया। देखते ही देखते वहां गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर नदी में छोड़ा ग्रामवासियों ने तुरंत वन विभाग की टीम और उप सरपंच हेमंत सिंह गुर्जर को सूचना दी। थोड़ी ही देर में टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीण मोहित सिंह, बिरजू, श्रीराम मेहरा की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर पास की नदी में छोड़ दिया गया है। मगरमच्छ को देख दहशत में आए परिवार के लोग वहीं परिजनों ने बताया कि सुबह के वक्त यह घटना देखकर वे भय और दहशत में आ गए थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। माना जा रहा है कि मगरमच्छ बारिश के कारण भटककर गांव की ओर आ गया था।


