घर में घुसे बदमाश, सात कमरों के ताले तोड़े, हजारों की नकदी चोरी, मालिक को धक्का देकर फरार

शहर के सूरजपोल रोड स्थित रूपावत की गली में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए एक ही घर के 7 कमरों के ताले तोड़ दिए, हर कमरे में सामान बिखेर दिया और लगभग 30-40 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। इस बड़ी वारदात के बावजूद परिवार ने अभी तक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पीड़ित जय कुमार भूता का परिवार उदयपुर कार खरीदने गया हुआ था। घर खाली देखकर चोरों ने पूरी योजना के साथ चोरी को अंजाम दिया। परिवार जब लौटकर मुख्य गेट के पास पहुंचा, तो गेट का ताला टूटा हुआ मिला। शक होने पर जय कुमार ने कमरे का दरवाजा खोला, तभी अंदर मौजूद चोरों ने अचानक जय कुमार को जोरदार धक्का मारा और पीछे की ओर बने रास्ते से 2 युवक भाग निकले। अचानक हुए इस हमले से जय कुमार सदमे में आ गए और कुछ पल संभल नहीं पाए। परिवार ने चोर-चोर चिल्लाकर पड़ोसियों को सतर्क किया, लेकिन चोर अंधेरे और गली के संकरे रास्तों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि परिवार द्वारा अभी तक पुलिस में औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। गली में रात के समय बेहद अंधेरा रहता है स्ट्रीट लाइटें खराब होने से चोर आसानी से वारदात कर भाग जाते हैं। लोगों ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और नगरपालिका से लाइट समाधान कराने की मांग की है। घटना के बाद रूपावत की गली में भय का माहौल है। शादी के सीजन में देर रात तक बजने वाले तेज आवाज के डीजे भी चोरी की घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं। डीजे की तेज धुनों में आसपास होने वाली आवाजें दब जाती हैं, इससे चोर आसानी से घरों में घुस जाते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *