भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से करीब 85 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 47 हजार रुपए बताई जा रही है। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। रेत की बोरियों के बीच छिपाकर रखे थे 472 क्वार्टर देसी शराब थाना क्षेत्र की ईदगाह हिल्स चौकी पुलिस को 12 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मजदूर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना की तस्दीक के बाद टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी के घर में रेत की बोरियों के बीच प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखी गई देसी मदिरा बरामद हुई। पुलिस ने कुल 472 क्वार्टर देसी शराब जब्त की, जिसमें 301 और 171 क्वार्टर शामिल हैं। कुल मात्रा लगभग 84.96 लीटर आंकी गई है। मौके से आरोपी डेनी मकवाना (46), निवासी मजदूर नगर, शाहजहांनाबाद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से अवैध शराब के 9, मारपीट के 11 और सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने के 4 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


