झाबुआ जिले के बामनिया में सोमवार शाम हुए एक सड़क हादसे जान गंवाने वाले युवक के परिजन ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को बामनिया पुलिस चौकी के सामने रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि दुर्घटना में शामिल दूसरे पक्ष को तुरंत मौके पर बुलाया जाए और आमने-सामने बात की जाए। यह पूरा मामला सोमवार शाम करीब 6 बजे सेमलिया-तलवाड़ा मार्ग पर हुई एक दुर्घटना से जुड़ा है। यहां दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसा दूसरे पक्ष की लापरवाही के कारण हुआ है। शव बीच सड़क पर रखकर लगाया जाम मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने पहले शव को एक पिकअप वाहन में रखा, लेकिन जब उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो उन्होंने शव को पुलिस चौकी के मुख्य गेट और फिर बीच सड़क पर रख दिया। इससे रास्ता पूरी तरह जाम हो गया। स्थिति बिगड़ती देख बामनिया पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से चौकी परिसर खाली कराकर मुख्य गेट बंद कर दिया। पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद शांत हुआ मामला तनाव बढ़ता देख पेटलावद से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी और पेटलावद टीआई निर्भयसिंह भूरिया ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को कानून हाथ में न लेने और शव का अनादर न करने की समझाइश दी। शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक चली बातचीत के बाद भी जब परिजन हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए भीड़ को तितर-बितर किया, जिसके बाद मामला शांत हो सका।


