घाटमपुर के सजेती में सड़क हादसा:अज्ञात वाहन की टक्कर से ड्यूटी से घर लौट रहे अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

सजेती थाना क्षेत्र के अनूपुर मोड़ से बीबीपुर मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक हमीरपुर से ड्यूटी कर पैदल अपने गांव लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मऊनखत निवासी रामबाबू (55) हमीरपुर स्थित एक गैस एजेंसी में कार्यरत थे। देर रात ड्यूटी समाप्त कर वह अनूपुर मोड़ पहुंचे और वहां से बीबीपुर मार्ग होते हुए पैदल अपने गांव मऊनखत जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से रामबाबू को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां शव देख परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में दो बेटे राहुल (22) व आयुष (19) तथा दो बेटियां रचना (28) और छोटी (25) हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। रामबाबू परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिससे उनकी मौत के बाद परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *