घुसपैठ ने सबको चौंकाया:3 थानों की गश्त पर सवाल, कंटेनर वॉलसिटी में घुस गया, फिर फंसा, ट्रैफिक व बाजार ठप

शहर में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन चाक-चौबंद है। इस सबके बीच तीन थानों (सूरजपोल, पर्यटन व घंटाघर ) की गश्त को धता बताते हुए एक चालक बुधवार रात करीब एक बजे कंटेनर को लेकर शहर के चारदीवारी इलाके की संकरी गलियों में घुस गया और जगदीश चौक से आगे गड़िया देवरा पर जाकर अटक गया।
इस दौरान कई दुकानों-मकानों के चबूतरे व छज्जों को क्षतिग्रस्त कर दिया। आगे बढ़ने को जगह नहीं मिली तो चालक कंटेनर को छोड़कर भाग गया। दिन में यह इलाका पर्यटकों से आबाद रहता है और भीड़भाड़ रहती है। कंटेनर में टायर बनाने के काम में आने वाला पाउडर भरा था। यह काला पाउडर जगदीश चौक से गड़िया देवरा तक बिखर गया। इसे साफ कराने के लिए पुलिस ने फायर ब्रिगेड से पानी का छिड़काव कराया तो पाउडर सड़क पर चिपक गया और फिसलन पैदा हो गई। कंटेनर फंसा होने और फिसलन से पुलिस ने ट्रैफिक बंद करा दिया। हालात इस तरह के हो गए कि बाजार भी नहीं खुल पाया। पुलिस ने पहले कंटेनर को जैसे-तैसे सुबह करीब 10 बजे नगर निगम की चांदपोल पार्किंग के पास खाली हिस्से में एकतरफ खड़ा कराया, जबकि दोपहर 12 से 4 बजे तक सड़क को पानी से साफ कराया। तब कहीं जाकर शाम 6 बजे ट्रेफिक शुरू हुआ और बाजार खुले। ड्राइवर मौके से फरार हुआ, लोगों ने कंटेनर में कर दी तोड़फोड़
थानाधिकारी योगेंद्र व्यास ने बताया कि कंटेनर हरियाणा से गुजरात जा रहा था। चालक उदियापोल पहुंचकर रास्ता भटक गया और गुलाब बाग, रंग निवास, भट्टियानी चौहट्‌टा, जगदीश चौक, गणगौर घाट, चांदपोल पुलिया होते हुए गड़िया देवरा पहुंचा। कंटेनर के पीछे का हिस्सा हल्का खुला होने से पाउडर सड़क पर बिखरा। अलसुबह लोगों ने काला पाउडर बिखरा होने और कंटेनर लावारिस हाल में खड़ा होना पाया तो घंटाघर थाना पुलिस को सूचना दी। इससे पहले कंटेनर में तोड़-फोड़ की। क्षतिग्रस्त मकान-दुकान संचालकों ने केस दर्ज कराए हैं। फरार चालक की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि चालक नशे में था। जगदीश चौक के पास कई छज्जे-चबूतरे तोड़े, सड़क पर पाउडर बिखरा, हर चीज काली, दमकल की 27 गाड़ियों से 4 घंटे में धुलाई दमकल विभाग के सीएफओ बाबूलाल चौधरी ने बताया कि दोपहर 12 बजे पुलिस से रोड पर पाउडर बिखरे होने की सूचना मिली। अशोक नगर और मीरा कला फायर स्टेशन से 3 गाड़ियों को पानी लेकर भेजा गया। इन गाड़ियों ने 9 चक्कर लगाए। पानी से पाउडर चिपचिपा बन गया और सड़क पर चिपक गया। इसे साफ करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जगदीश चौक से गड़िया देवरा मार्ग को साफ करने में 4 घंटे लगे। फिसलन से कई दुपहिया वाहन चालक गिरे, श्वान तक काले पड़े सुबह इस मार्ग पर दुपहिया वाहन चालक रोजाना की तरह निकल रहे थे। आम पाउडर समझ कर वाहन निकालने का प्रयास किया तो वे फिसलकर गिर गए। कई को हल्की चोटें भी आई। इसके बाद स्थानीय लोग घरों के बाहर खड़े रहे और आने-जाने वाले लोगों को सतर्क करते रहे। यह पाउडर कैरम बोर्ड पर लगाए जाने वाले पाउडर की तरह चिकना था। बाद में पुलिस ने जगदीश चौक से गड़िया देवरा मार्ग को बंद कर दिया। इस मार्ग की सभी दुकानें, रेस्टोरेंट व अन्य प्रतिष्ठान भी बंद रहे। इसी मार्ग पर गणगौर घाट-जगदीश मंदिर के साथ ही पास में ही सिटी पैलेस-बागोर की हवेली जैसे पर्यटन स्थल हैं। लोगों की आवाजाही घट गई। शाम काे रोड की सफाई के बाद बाजार खुले।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *