जिले के डबाल गांव में पुलिस ने 1 लाख 33 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद किए हैं। साथ ही वाहन जब्त किया है। दरअसल आरोपी नकली नोट लाकर देने वाले सप्लायर के पिता के घर पर हमला करने पहुंचा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमला करने से पहले ही उसे दबोच लिया। एएसपी आवड़दान रत्नू ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली कि एक शॉर्ट बॉडी की जीप में कृपालसिंह पुत्र मगसिंह राजपूत निवासी डबाल व उसके अन्य साथियों ने मिलकर रिड़मलसिंह पुत्र रतनसिंह भोमिया राजपूत निवासी डबाल के घर पर हमला करने पहुंचा था। इस पर थानाधिकारी हुकमाराम पुलिस जाब्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। आरोपी कृपालसिंह को पकड़ा। उसके कब्जे से एक शॉर्ट बॉडी की जीप, जीप के अंदर सीट पर रखी खाली मैगजीन के साथ 2 देशी पिस्टल, एक धारदार छुरा, एक तलवार को बरामद किया गया। वहीं आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपए के नोट होना पाया गया। जिनमें अधिकतर नोटों पर एक ही सीरियल नम्बर अंकित थे। ऐसे में 1 लाख 33 हजार 500 रुपए के नकली नोट जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल अर्जुनराम, कांस्टेबल जैसाराम, कांस्टेबल बदाराम, कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल सपना व वाहन चालक मोहनलाल मौजूद रहे। 60 हजार रु. देकर मंगवाए थे नकली नोट पुलिस सूत्रों से अनुसार जिस रिड़मल सिंह के घर लड़ाई करने के लिए कृपाल सिंह ओपन जीप लेकर गया था। उसी के लड़के महेंद्र सिंह और गोपाल सिंह से मुंबई से कृपाल सिंह ने नकली नोटों की खेप मंगवाई थी। 60 हजार रुपए के बदले महेंद्र सिंह और गोपाल सिंह ने आरोपी को 2 लाख रुपए उपलब्ध करवाए थे। जिसमें से आरोपी कृपाल सिंह ने बाजार में 66 हजार 500 रुपए खपा दिए, लेकिन बाद में बचे हुए रुपए बाजार में नहीं चलने पर आरोपी शराब पीकर 60 हजार रुपए वापस लेने के लिए महेंद्र और गोपाल सिंह पर दबाव बनाने लगा। जब उन्होंने पैसे वापस देने से इनकार किया तो आरोपी दोस्तों के साथ रिड़मल सिंह के घर हमला करने पहुंच गया। इस दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आत्महत्या करने की दे चुका धमकी आरोपी कृपाल आदतन शराबी और झगड़ालू प्रवृत्ति का है। इसके चलते पहले भी कई बार सांचौर पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस अधिकारियों को नर्मदा नहर में गिरकर आत्महत्या करने की धमकी देते हुए फोन कर चुका हैं। कई बार पुलिस द्वारा समझाइश की गई। 4 मामले पहले के, 2 आज दर्ज हुए
आरोपी कृपाल सिंह पर सांचौर थाने में मारपीट के 4 मामले पहले से दर्ज हो रखे हैं। इसके बाद अब पांचवां मामला नकली नोट और अवैध हथियारों को लेकर दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को आरोपी के खिलाफ रिड़मल सिंह ने भी मारपीट का मामला दर्ज करवाया है।


