सिटी रिपोर्टर | बोकारो शनिवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर माराफारी थाना पुलिस ने क्षेत्र के धोईंचा टोला में चल रहे जुआ अड्डा में छापामारी की। पुलिस टीम ने राम राय होनहांगा के घर के पास बने बाउंड्री के अंदर चल रहे जुआ अड्डा से सात लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। साथ ही दर्जनों ताश के पत्ते, 5530 रुपए नकद, शराब की विभिन्न ब्रांड की 22 बोतलें, सात मोबाइल और एक बाइक जब्त की है। उक्त जानकारी थाना प्रभारी मो. आजाद खान ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में माराफारी पुलिस मामला दर्ज किया है और आरोपियों पर अप्राधिकृत शर्त लगाने या जुआ खेलने के अलावा उत्पाद शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई में जुटी है। उन्होंने बताया कि जुआ खेलने के दौरान पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। जुआरी इधर-उधर भागने लगे। ऐसे में घेराबंदी कर व खदेड़कर जुआरियों व शराब बेचने वाले को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में रितुडीह निवासी विकास कुमार, मिथलेश कुमार, गुलशन कुमार, झोपड़ी कॉलोनी निवासी संतोष पासवान, शंकर कुमार साव, धोईंचा टोला निवासी राम राय होनहांगा, सोनाटांड़ निवासी राम कुमार शामिल है। सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। छापेमारी में दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल थे।


