चंडीगढ़ में रूफटॉप सोलर सिस्टम को तेजी से बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन की संस्था चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी, साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसाइटी (CREST) की ओर से PM सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर अवेयरनेस और फैसिलिटेशन कैंप लगाए जा रहे हैं। ये कैंप 10 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में आयोजित होंगे। इन कैंपों के जरिए आम नागरिकों को सोलर सिस्टम से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी, वहीं रूफटॉप सोलर लगवाने के इच्छुक लोगों को मौके पर ही आवेदन, सब्सिडी और बैंक लोन से जुड़ी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। जानिए कहां लगेंगे सोलर अवेयरनेस कैंप:
CREST की ओर से 10 से 14 फरवरी 2026 तक शहर के अलग-अलग प्रमुख इलाकों में सोलर अवेयरनेस और फैसिलिटेशन कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का आयोजन सेक्टर-17 मार्केट (फाउंटेन के पास), एलांते मॉल (फ्रंट गेट पार्किंग के पास), शास्त्री मार्केट सेक्टर-22 (PNB बैंक के पास), मौली जागरण (जंक्शन पॉइंट, ठाकुर आटा चक्की के पास) और किशनगढ़ (पुराने सरकारी मिडिल स्कूल के पास) किया जाएगा। इन सभी कैंपों में प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधि और CREST से अधिकृत वेंडर मौजूद रहेंगे, जो मौके पर ही आवेदन, लोन और सब्सिडी से जुड़ी पूरी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएंगे। मुफ्त बिजली योजना
इस योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगाने पर ₹78 हजार तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आम नागरिक आसानी से सोलर सिस्टम लगाकर बिजली बिल में बड़ी राहत पा सकते हैं।


