चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला के विदेश दौरे को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी ने मेयर के दौरे पर सवाल उठाते हुए आरटीआई (सूचना का अधिकार) के तहत जानकारी मांगी है। उन्होंने नगर निगम सेक्रेटरी से भी ब्रिक्स दौरे से संबंधित जानकारी देने का अनुरोध किया है। जसबीर बंटी ने कहा कि मेयर हरप्रीत कौर बबला इस समय विदेश में हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि यह दौरा सरकारी है या निजी। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर यह सरकारी दौरा होता, तो नगर निगम का कोई अधिकारी उनके साथ जाता, लेकिन ऐसा नहीं है। बंटी ने आरटीआई के माध्यम से नगर निगम सेक्रेटरी से मेयर के रूस दौरे पर कई सवाल पूछे हैं… बीजेपी अध्यक्ष ने कहा – सीधे रूस से पूछें वहीं, चंडीगढ़ बीजेपी के अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष के पास शहर के विकास को लेकर कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को मेयर के दौरे को लेकर कोई आशंका है, तो वे सीधे रूस को पत्र लिखकर पूछ सकते हैं कि उन्होंने चंडीगढ़ की मेयर को अपने देश में क्यों बुलाया है। मल्होत्रा ने कहा कि विपक्ष इधर-उधर की बातों में समय बर्बाद कर रहा है।


