चंडीगढ़ में ₹1 में मिले कपड़े-जूते और बर्तन:मिक्सी खरीदकर महिला बोली- मजा ही आ गया; नगर निगम ने एक दिन के लिए खोला स्टोर

चंडीगढ़ नगर निगम ने आज 1 रुपए स्टोर खोला। एक दिन के लिए खोले गए इस स्टोर में लोगों की खूब भीड़ दिखी। कोई गर्म कपड़े, कोई जूते तो कोई किताबें लेकर जाता दिखा। सामान लेने के बाद लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि इससे लोगों की सहायता होती है और सामान की वेस्टेज भी नहीं होती है। शहर के सेक्टर 38 सी के रानी झांसी भवन में एक रुपए स्टोर खोला गया। एक दिन के लिए खोले गए इस स्टोर पर जरूरतमंद लोगों ने खूब सामान लिया और वह खुश नजर आए। डड्डूमाजरा की महिला को मिक्सी मिली तो वह खुशी के मारे फूले नहीं समा रही थी। उन्होंने कहा कि मुझे तो आज मजा ही आ गया। लोगों के लिए सबसे ज्यादा कपड़े और जूते ही यहां पर उपलब्ध थे। बता दें कि नगर निगम पहले भी इस तरह से 1 रुपए में सामान बेचता आया है। लोगों को कई सालों से सस्ता सामान मुहैया करवाया जा रहा है। इससे शहर के जरूरतमंद लोगों को काफी फायदा होता है। ₹1 में जूते-कपड़े ले जाते दिखे लोग स्टोर में ये सामान मिले
इस स्टोर में लोगों को गर्म कपड़े, जूते, प्लास्टिक के बर्तन, किताबें, पेंटिंग, ट्रॉली बैग, मिक्सी, कई और इलेक्ट्रॉनिक सामान बिक्री के लिए लाए गए थे। नगर निगम की मेयर हरप्रीत कौर बबला ने बताया कि नगर निगम की तरफ से पहले भी इस तरह के आयोजन किए जाते हैं और पिछले कई वर्ष से सस्ता सामान मुहैया करवाया जा रहा है। इससे शहर के जरूरतमंद लोगों को जरूरत का सामान मुहैया हो जाता है। सबसे ज्यादा फायदा उन जरूरतमंद बच्चों को होता है जो किताबें या कापियां नहीं खरीद पाते हैं। घरों से आता फालतू पड़ा हुआ सामान
शहर निवासी घर में पड़ें हुए फालतू कपड़े, इलेक्ट्रानिक सामान, कंप्यूटर, एलसीडी, गर्म कपड़े आदि सामान नगर निगम के कलेक्शन सेंटर पर पहुंचाते हैं। कपड़ों को साफ करवाकर और सामान की मरम्मत कर प्रत्येक वर्ष इसे एक रुपए स्टोर के नाम से डिस्पले कर दिया जाता है और लोगों को जिस चीज की जरूरत होती है वह इसे ले जाते हैं। इससे नगर निगम को भी आमदनी भी होती है। साल में एक बार खोला जाता है स्टोर
नगर निगम की तरफ से साल में एक बार यह स्टोर शहर के अलग अलग हिस्सों में खोला जाता है। यह नगर निगम का प्रोजेक्ट है। जिन लोगों के घर पर सामान फालतू हो जाता है, उस सामान को वह नगर निगम के सेक्टर 17 के कलेक्शन सेंटर में भेज देते हैं और इसे ठीक कर जिस जगह स्टोर खोलना होता है वहां पहुंचा दिया जाता है। इसमें घर का हर वो सामान होता है। यह पहल 2023 में शुरू हुई थी। पहली बार स्टोर जून 2023 में मौली जागरां और मलोआ में खोला गया था, उसके बाद कई और स्टोर खोले गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *