चंडीगढ़ में आज सुबह से चल रही तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगह भारी नुकसान हुआ है। मनीमाजरा में एक मकान की छत गिरने से तीन बच्चे घायल हो गए, जबकि सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में बने नए ट्रॉमा सेंटर की फॉल सीलिंग गिर गई। वहीं मोहाली में तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। इस दौरान चंडीगढ़ और मोहाली को मिलाकर करीब 70 जगह पेड़ गिरे। कुछ जगह बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज पूरा दिन हवाएं चलेगी। हवाओं की स्पीड 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी। 5 फोटो में देखिए बारिश से कैसे चंडीगढ़ और मोहाली एरिया में नुकसान पहुंचा है। 1… मनीमाजरा में मकान की छत गिरी, तीन बच्चे घायल मनीमाजरा के गोविंदपुर इलाके में शुक्रवार सुबह अचानक बारिश और तेज आंधी के दौरान एक मकान की छत गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर खेल रहे तीन बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए। घायलों की पहचान 12 वर्षीय चन्नी, 14 वर्षीय गौरव और राहुल के रूप में हुई है। गौरव और चन्नी सगे भाई हैं, जबकि राहुल उनका पड़ोसी है। छत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद बच्चे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गौरव के हाथों में चोट आई है। 2… जीएमसीएच-32 में ट्रॉमा सेंटर की फॉल सीलिंग गिरी सुबह करीब 10 बजे जब तेज बारिश और आंधी चल रही थी। उसी समय सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में करीब 6 महीने पहले बने ट्रॉमा सेंटर की फॉल सीलिंग गिर गई। गनीमत रही कि उस समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सीलिंग से लोहा और शीटें आकर नीचे गिरी। घटना के बाद लोगों में घबराहट फैल गई और मरीज व तीमारदार बाहर निकल आए। लोगों ने इस मामले की जांच की मांग की है। 3… चंडीगढ़ में कई जगह पेड़ गिरे, लोग बाल-बाल बचे तेज हवाओं के कारण चंडीगढ़ के कई सेक्टरों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। सेक्टर-35 में स्कूटी सवार एक युवक पर अचानक पेड़ गिर गया, जिससे वह घायल हो गया और उसकी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हेलमेट पहनने की वजह से उसकी जान बच गई। इसी सेक्टर में एक बुजुर्ग महिला के घर के अंदर पेड़ गिर गया, हालांकि वह सुरक्षित रही। मौके पर पहुंचीं पार्षद प्रेम लता ने हॉर्टिकल्चर विभाग को सूचना दी। लेकिन पेड़ नहीं काटे। 4… मोहाली में पेड़ और बिजली के खंभे गिरे, बिजली गुल मोहाली में तेज हवा के चलते कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। फेज-7 के रिहायशी इलाके में गिरे खंभों की चपेट में आने से कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं फेज-1 थाने के पास पेड़ गिरने से फेज-5, फेज-7 और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक ठप हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 5… बारिश से कई इलाकों में जलभराव लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। सेक्टर-26 सब्जी मंडी के पास, सेक्टर-17, 35 और 46 सहित दक्षिणी सेक्टरों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रिब्यून चौक और सेक्टर-20 मार्केट के पास भी दिक्कतें आई। वहां पर भी लोग पूरा दिन परेशान होते रहे। जबकि कुछ पार्क भी तालाब जैसे लुक ले गए।


