बरनाला में बारिश से जलभराव PHOTO:तापमान में आई गिरावट, ठंड बढ़ी, किसान बोले- बरसात से गेहूं की फसल को फायदा

पंजाब के बरनाला में देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। इस बारिश से फसलों को काफी फायदा होने की उम्मीद है, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है। हालांकि, बसंत के अवसर पर पतंगबाजी पर इसका असर पड़ा है और आसमान सूना दिखाई दिया। बारिश के चलते शहर की कुछ सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से ठंड कम होने और तापमान बढ़ने के कारण गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान होने का खतरा था। यह बारिश गेहूं और अन्य सभी फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। किसान जगजीत सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में ठंड कम होने और धूप तेज होने से फसलों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया था। ऐसी स्थिति में पेस्टीसाइड और यूरिया खाद का अधिक उपयोग करना पड़ता है, जिससे फसल की पैदावार प्रभावित होती है। बारिश से फसलों को होगा फायदा : जगजीत सिंह उन्होंने आगे कहा कि इस बारिश से कई लाभ होंगे। यूरिया और स्प्रे की आवश्यकता कम होगी, जिससे लागत घटेगी। साथ ही, फसल की पैदावार बढ़ेगी, बीमारियां कम लगेंगी और हरियाली भी अधिक होगी। बारिश के कारण ट्यूबवेल की मोटरें बंद हो गई हैं, जिससे पानी और बिजली दोनों की बचत होगी। इस मौके पर किसान लखवीर सिंह लक्खा ने कहा कि बारिश ना होने की वजह से फसलों को नुकसान हो रहा था। खासकर गेहूं की फसल जल्दी पक जाती और उसकी पैदावार कम हो जाती। लेकिन अब बारिश से फसल और बढ़ेगी। फसलों पर जमी धूल हट जाएगी और यह फायदेमंद होगा। जिससे फसलों की पैदावार बढ़ेगी। किसानों ने कहा कि बसंत पंचमी पर बारिश पड़ने का असर है। पतंगबाजी नहीं हुई। चाइना डोर से होने वाले नुकसान से भी लोगों का बचाव होगा। यहां देखें फोटो…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *