चंडीगढ़ रात को हाथों में हथियार लेकर घूमते चोर:बैठकर खाया-पिया, फिर ले उड़े सामान, पुलिस थाना से चंद कदमों पर वारदात

चंडीगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस थाने के बिल्कुल पास भी वारदात करने से नहीं डर रहे। सेक्टर-34 थाना क्षेत्र में थाना सेक्टर-34 से चंद कदमों की दूरी पर स्थित बूथ मार्केट में तड़के चोरों ने चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि एक दुकान में चोरों ने चोरी से पहले बैठकर खाना खाया, नमकीन खाई और कोल्ड ड्रिंक पी, इसके बाद आराम से फरार हो गए। यह पूरी घटना थाना सेक्टर-34 के पास स्थित बूथ मार्केट की है, जिसने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह पहुंचे तो ताले टूटे मिले
बूथ मार्केट में स्थित आनंद इलेक्ट्रॉनिक्स के दुकानदार ने बताया कि जब वह सुबह दुकान पर पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर दुकान से टॉर्च, ब्लूटूथ डिवाइस और तारों के बंडल गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 13 से 14 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा चोरों ने पास ही स्थित शिवा स्टेशनरी के भी दोनों ताले तोड़ दिए, लेकिन अंदर लगे सेंटर लॉक के कारण वहां से कोई सामान चोरी नहीं हो सका। वहीं शू-कैफे-34 से करीब 10 हजार रुपए नकद चोरी होने की सूचना है। पहले पार्टी, फिर चोरी
सबसे चौंकाने वाला मामला एक फास्ट फूड की दुकान से सामने आया है। यहां चोरों ने ताले तोड़कर नकदी और सामान चुराने के साथ-साथ दुकान में रखे खाद्य पदार्थ भी खाए। चोरों ने नमकीन खाई, कोल्ड ड्रिंक पी और मौके पर ही पार्टी करने के बाद फरार हो गए। इस दुकान से करीब 10 हजार रुपए नकद, तीन चाकू, एक टैब और एक मोबाइल फोन चोरी होने की बात सामने आई है। सुबह 4 बजे मार्किट में पहुंचे चोर
सेक्टर-34 के दुकानदार संजय ने बताया कि एक दुकान रात करीब एक बजे बंद होती है, दूसरी सुबह 4 बजे बंद होती है। उसके बाद चोर दुकान बंद होती है मार्किट में पहुंच गए, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों को पहले से पता था कि कौन-सी दुकान कितने बजे तक बंद होती है। सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद
सेक्टर-34 की दुकानों में की गई पूरी वारदात वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें देखा जा सकता है कि कुल 7 युवक हैं, जिनमें से एक के हाथ में लोहे का हथियार है। चोर एक एक्टिवा पर 4 सवार होकर और दूसरी पर 3 सवार होकर आए थे। इनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था। इसके अलावा लगता है कि उन्हें किसी का भी डर नहीं था, इसलिए उनमें से किसी एक ने भी अपना चेहरा छुपाने की कोशिश तक नहीं की। पहले युवक आते हैं, दुकान के बाहर पड़ा सामान चेक करते हैं और उनके हाथों में बोरा था, जिसमें वे सामान डाल रहे थे। इसके बाद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर से सामान चोरी किया और एक्टिवा पर बैठकर वहां से चले गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *