चंदेरी महोत्सव की कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा:मुख्यमंत्री वर्चुअल जुड़ेंगे, केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी होंगे शामिल

अशोकनगर जिले की पर्यटन नगरी चंदेरी में 28 नवंबर से चंदेरी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि चंदेरी उत्सव के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री वर्चुअली जुड़ेंगे। इसके साथ ही, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगमन की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी ली गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने चंदेरी टेंट सिटी में चल रही तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने वीआईपी मूवमेंट, क्राफ्ट विलेज, फैशन शो, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। इसी भ्रमण के दौरान, कलेक्टर आदित्य सिंह ने चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम कार्यालय चंदेरी में एक बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने बीएलओ द्वारा किए गए डिजिटलाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जो बीएलओ अच्छा कार्य करेंगे, उन्हें जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए अच्छे कार्य करने वाले बीएलओ की सूची भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनीष धनगर, तहसीलदार दिलीप दरोगा और संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *